Chandrayaan-3 Launch Date and Time: मिशन चंद्रयान-3 चांद पर उड़ान भरने को पूरी तरह से तैयार है. 14 जुलाई शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से दोपहर 02:35 बजे इसे लॉन्च किया जाएगा. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के इस चंद्र मिशन से पूरे देश को काफी उम्मीदें हैं. अगर आप चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग को लाइव देखना चाहते हैं तो यहां जान लीजिए इसका तरीका.
कहां और कैसे देखें लाइव स्ट्रीमिंग
Chandrayaan-3 मिशन के लैंडर, रोवर और प्रपल्शन मॉड्यूल को ले जाने वाले एलएमवी-3 के लॉन्च को इसरो की वेबसाइट और आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा. 14जुलाई को आप यहां चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग को लाइव देखकर गौरवांवित कर देने वाले पल के साक्षी बन सकते हैं. चंद्रयान-3 के 23 या 24 अगस्त को चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने की उम्मीद है.
क्या है हार्ड और सॉफ्ट लैंडिंग
चंद्रमा की सतह पर किसी अंतरिक्ष यान की लैंडिंग दो तरीके से होती है हार्ड और सॉफ्ट. हार्ड लैंडिंग में अंतरिक्ष यान सतह पर क्रैश करता है. वहीं सॉफ्ट लैंडिंग के दौरान अंतरिक्ष यान की गति को धीरे-धीरे कम करके सतह पर उतारा जाता है. अब तक चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग कराने में सिर्फ तीन देशों अमेरिका, रूस और चीन को ही कामयाबी मिली है. अगर भारत का ये मिशन सफल हो जाता है तो भारत का भी नाम इस लिस्ट में शामिल हो जाएगा.
इसरो का तीसरा चंद्र मिशन
बता दें कि इसरो का ये तीसरा चंद्र मिशन है. चंद्रयान-1 को साल 2008 में सफलतापूर्वक लॉन्च किया था, तब इसरो ने चंद्रमा की सतह पर पानी के अणुओं की खोज की थी. इसके बाद साल 2019 में चंद्रयान-2 सितंबर, 2019 में चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग के अंतिम क्षणों में हार्ड क्रैश कर गया था. चंद्रयान की नाकामयाबी से मिशन से जुड़े वैज्ञानिकों को भी काफी निराशा हुई थी. चंद्रयान-3 मिशन, चंद्रयान-2 का फॉलोअप है. चंद्रयान-2 मिशन जिन वजहों से कामयाब नहीं हो सका, उन वजहों को बारीकी से अध्ययन करने के बाद चंद्रयान 3 को कई स्तर पर अपग्रेड किया गया है, ताकि इस बार मिशन की सफलता को सुनिश्चित किया जा सके.
